1/09/2022

तुलनात्मक राजनीति और तुलनात्मक सरकार में अंतर

By:   Last Updated: in: ,

तुलनात्मक राजनीति और तुलनात्मक सरकार में अंतर 

tulnatmak rajniti aur tulnatmak shasan/sarkar mein antar;बहुधा तुलनात्मक राजनीति और तुलनात्मक सरकार के शब्दों का प्रयोग एक-दूसरे के लिए किया जाता है पर इन दोनों शब्दों के अर्थों में भिन्नता हैं। तुलनात्मक सरकारों के अध्ययन के अंतर्गत हम विभिन्न प्रकार की व्यवस्थाओं, उनकी संस्थाओं एवं उनके कार्यों का तुलनात्मक अध्ययन करते हैं परन्तु तुलनात्मक राजनीति के अंतर्गत राजनीतिक व्यवस्थाएँ, सरकार, सरकारों के प्रकार, उनके कार्य आदि के अतिरिक्त 'गैर-राज्यीय राजनीति का अध्ययन' भी आता हैं। 

इसका अर्थ यह हुआ कि तुलनात्मक सरकार की उपेक्षा तुलनात्मक राजनीति अधिक व्यापक क्षेत्र रखती हैं। तुलनात्मक राजनीति का विद्यार्थी अपना अध्ययन केवल कानून निर्माण, कानून प्रयोग और विभिन्न राजनीतिक व्यवस्थाओं के अंगों से संबंधित निर्णयों तथा राजनीतिक दलों और संविधानातिरिक्त अभिकरणों (Extra-Constitutional Agencies) आदि तक सीमित नहीं रखता हैं, बल्कि वह इनसे आगे बढ़कर उन विषयों का भी अध्ययन करता है जो मानवशास्त्र के अंतर्गत आते हैं जैसे अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, इतिहास आदि। 

सिडनी वर्बा के मतानुसार," केवल वर्णन से आगे बढ़कर अधिक सैद्धान्तिक रूप से संबंधित समस्याओं की ओर देखिए, किसी एक मामले से आगे बढ़कर अनेक मामलों की तुलना की ओर देखिए, सरकार की औपचारिक संस्थाओं के अध्ययन से आगे बढ़ते हुए राजनीतिक प्रक्रियाओं और राजनीतिक कार्यों की ओर देखिए, तथा केवल पश्चिमी यूरोपीय देशों का अध्ययन न करके एशिया अफ्रीका एवं लेटिन अमेरिका के नये राष्ट्रों की ओर देखिए।" 

कहने का तात्पर्य यह हैं कि तुलनात्मक राजनीति का क्षेत्र अति विस्तृत एवं अति-व्यापक हैं। इस अध्ययन से 'सजग अथवा सचेत तुलनाओं' का विशेष महत्व हैं। इसके अंतर्गत राजकीय संस्थाओं के अलावा गैर-राजकीय संस्थाओं का भी अध्ययन आता है जिनका प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से राजनीतिक संस्थाओं से संबंध आता हैं।" 

इस प्रकार स्‍पष्ट है कि राजनीतिक संस्थाओं और राजनीतिक व्यवहार की कार्य-प्रणाली में महत्वपूर्ण नियमितताओं, समानताओं और असमानताओं से तुलनात्मक राजनीति का संबंध हैं। 

तुलनात्मक राजनीति और तुलनात्मक सरकार के बीच निम्नलिखित अंतर हैं--

1. 'तुलनात्मक सरकार' शब्द परम्परागत पदावली का परिचायक हैं। जबकि 'तुलनात्मक राजनीति' शब्द आधुनिक पदावली की ओर संकेत करता हैं। 

2. तुलनात्मक सरकार का अध्ययन क्षेत्र सीमित और संकुचित हैं। जबकि तुलनात्मक राजनीति का अध्ययन क्षेत्र व्यापक एवं गतिशील हैं। 

3. तुलनात्मक शासन, शासन पद्धतियों के कानूनी, संवैधानिक तथा संस्थागत ढाँचों के तुलनात्मक अध्ययन पर जोर देता हैं। जबकि तुलनात्मक राजनीति का संबंध राजनीतिक व्यवहार की संम्पूर्णता के अध्ययन से हैं। 

4. तुलनात्मक शासन, राजनीति के केवल शासन संबंधी संस्थागत पहलुओं के अध्ययन तक सीमित हैं। जबकि तुलनात्मक राजनीति तुलनात्मक शासन से एक कदम आगे बढ़कर उन सभी शक्तियों तथा प्रभावों का अध्ययन करती है जो राजनीतिक संस्थाओं, राजनीतिक प्रक्रिया व राजनीतिक व्यवहार को प्रत्यक्ष तथा अप्रत्यक्ष रूप से विशेष प्रकार का बनाने के लिए उत्तरदायी हैं। 

5. तुलनात्मक शासन राज्य से संबंधित औपचारिक संस्थाओं का ही तुलनात्मक अध्ययन हैं। जबकि तुलनात्मक राजनीत में सरकारों तथा सरकारी संस्थाओं का तुलनात्मक अध्ययन तो स्वतः ही सम्मिलित रहता हैं, परन्तु इसके अलावा उन प्रभावों व प्रक्रियाओं का अध्ययन भी सम्मिलित किया जाता हैं, जिससे सरकारों का व्यवहार इस या उस प्रकार का बनता हैं।

संबंधित पोस्ट 

3 टिप्‍पणियां:
Write comment

आपके के सुझाव, सवाल, और शिकायत पर अमल करने के लिए हम आपके लिए हमेशा तत्पर है। कृपया नीचे comment कर हमें बिना किसी संकोच के अपने विचार बताए हम शीघ्र ही जबाव देंगे।