6/07/2022

जीव विज्ञान का अन्य विषयों से सह संबंध

By:   Last Updated: in: ,

प्रश्न; जीव विज्ञान का अन्य विषयों से सह-संबंध का वर्णन कीजिए। 

अथवा" जीव विज्ञान का अन्य विज्ञानों के साथ सह-संबंध बताइए। 

अथवा" जीव विज्ञान का अन्य विषयों के साथ संबंधों का वर्णन कीजिए। 

उत्तर--

जीव विज्ञान का अन्य विषयों से सह-संबंध 

jeev vigyan ka any vishyon se sah sambandh;सह संबंध से अभिप्राय एक-दूसरे से संबंध से हैं। जीव विज्ञान का अन्य विषयों के साथ पारस्परिक संबंध ही सह संबंध है। वैसे कोई भी विषय अपने आप में पूर्ण नही है। सुविधा की दृष्टि से विज्ञान के कई भाग कर लिए हैं जिससे अध्ययन में सुविधाजनक रहे। जीव विज्ञान का अध्ययन भौतिक विज्ञान एवं रसायन विज्ञान के नियमों के अभाव में संभव नहीं हैं। 

विभिन्न विषयों के एक साथ अध्ययन से छात्रों के अनुभवों से संबंध करना सरल होता हैं। छात्रों में स्वतः इन विषयों के प्रति रूचि होगी। यह एक मनोवैज्ञानिक रूप से सत्य हैं कि सह संबंध के माध्यम से विभिन्न विषयों से संबंधित ज्ञान छात्रों को स्थायी रूप से दिया जा सकता हैं। सह संबंध द्वारा शिक्षण करने से विद्यार्थी अपने आपको स्थापित कर समझने में सक्षम हो जाता हैं। जीव विज्ञान का अधोलिखित विज्ञानों से सह संबंध स्थापित किया जा सकता हैं। 

1. जीव विज्ञान तथा भौतिक विज्ञान में सह संबंध 

जीव विज्ञान तथा भौतिक विज्ञान में एक घनिष्ठ संबंध हैं। जितनी भी शक्ती जैसे ताप, बिजली, ध्वनी आदि जिनके स्वरूप का अध्ययन भौतिक विज्ञान में करते हैं। परन्तु इनका प्रभाव जीवों के विकास में कैसे पड़ता है यह अध्ययन जीव विज्ञान में किया जाता हैं। उदाहरण के रूप में पौधें की पत्तियों में सूर्य के प्रकाश में भोजन निर्माण होता हैं। भिन्न-भिन्न प्रकार के दबाव से भोजन पौधे के भिन्न-भिन्न भाग में जाता है। इसी प्रकार जन्तु के विकास में भिन्न-भिन्न शक्तियाँ कैसे प्रभाव डालती हैं का अध्ययन जीव विज्ञान में किया जाता हैं। कारण तो भौतिक विज्ञान में तथा प्रभाव जीव विज्ञान में होता हैं। इसी प्रकार पक्षियों के उड़ने की क्रिया, पानी में तैरने की क्रिया, भौतिकशास्त्रियों को नाना प्रकार के उपकरण तथा मशीनों के निर्माण में प्रेरणा का स्रोत रहा हैं। सिद्धांत का क्षेत्र तो भौतिक विज्ञान है परन्तु क्रिया का ज्ञान वातावरण की घटनायें तथा जीव जन्तुओं द्वारा हुआ। भिन्न-भिन्न उपकरण जैसे सूक्ष्मदर्शी यन्त्र, हैण्ड, लैन्स, इपीडाइस्कोप, प्रोजेक्टर आदि का प्रयोग जीव विज्ञान में किया जाता हैं परन्तु इनके निर्माण तथा क्रिया का आधार भौतिक विज्ञान हैं। 

2. जीव विज्ञान तथा रसायन विज्ञान में सह-संबंध 

पौधों तथा जन्तुओं के भिन्न-भिन्न गुणों तथा बनावट का अध्ययन करने में रसायन विज्ञान का एक महत्वपूर्ण योगदान हैं। पौधों तथा जन्तुओं के कोष, तन्तु अंगों में क्या पदार्थ पाये जाते है इनका विश्लेषण तथा ज्ञान रसायन विज्ञान की देन हैं। साथ ही इन पदार्थों का जीव के लिए क्या महत्व हैं तथा इनमें परिवर्तन किस क्रिया द्वारा होता है यह सब रसायन विज्ञान की देन हैं। प्रत्‍येक जीवित के सूक्ष्म कणों, जिनको परमाणु कहते हैं उनकी बनावट क्या हैं तथा वे क्या क्रिया करते हैं यह सब रसायन विज्ञान से ज्ञात होता हैं। इसी प्रकार मनुष्य के प्रयोग हेतु वस्त्रों का निर्माण भी पौधों तथा जन्तुओं पर रासायनिक क्रिया होता हैं। भिन्न-भिन्न प्रकार की औषधियाँ, रंग, पौष्टिक पदार्थ आदि जो कि मानव के लिए जीवन हेतु आवश्‍यक है वे सभी जीव विज्ञान की देन है तथा इनके निर्माण में रसायन विज्ञान का ही योगदान हैं। कार्बनिक रसायन तथा वाइयो-रसायन का आधार पौधे तथा जन्तु ही हैं। इस प्रकार जीव-विज्ञान का रसायन विज्ञान से घनिष्ठ संबंध हैं। 

3. जीव विज्ञान और स्वास्थ्य विज्ञान में सह-संबंध 

जीव विज्ञान में जीवों से संबंधित अध्ययन करने पर स्पष्ट होता है कि मानव और विभिन्न जीवों की शारीरिक संरचना तथा कार्यिकी सिद्धांतों में समानता है। शारीरिक अभिवृद्धि के लिए भोजन का चयन तथा विभिन्न क्षेत्रों से मुक्ति के लिए व्यावहारिक ज्ञान जीव विज्ञान से प्राप्‍त कर सकते हैं। स्वास्थ्य विज्ञान के विकास में जीव विज्ञान के सराहनीय योगदान को देखते हुए जीव विज्ञान का स्वास्थ्य विज्ञान के साथ सह संबंध स्थापित कर शिक्षण को सुरुचिपूर्ण बनाया जा सकता हैं। 

4. जीव विज्ञान का भूगोल से सह-संबंध 

विभिन्न जलवायु में पाये जाने वाले जीव-जन्तुओं और वनस्पतियों का अध्ययन, मिट्टी की प्रकृति और रचना, वायुमंडल में पाये जाने वाली विभिन्‍न गैसें एवं तत्त्व जीव विज्ञान एवं भूगोल में सह संबंध स्पष्ट करते हैं। जलवायु और वातावरण का विभिन्न स्थानों के जन्तुओं एवं वनस्पतियों पर अत्यधिक प्रभाव पड़ता है। जीव जन्तु और वनस्पति अपने अस्तित्व की रक्षा के लिए अपने को जलवायु के अनुकूल बनातें है। इस प्रकार जीव-विज्ञान के साथ भूगोल का भी सह संबंध स्थापित किया जाता हैं। 

5. जीव विज्ञान का इतिहास से सह संबंध 

विभिन्न प्राणियों के उद्-विकास, आनुवंशिकी के सिद्धांतों, जीव वैज्ञानिकों के आविष्कार, उनकी जीवनियों आदि के माध्यम से ऐतिहासिक घटनाओं के महत्व को भी स्पष्ट किया जा सकता हैं। विभिन्न सभ्यताओं के विकास में जीव विज्ञान के महत्व को स्पष्ट किया जा सकता हैं; जैसे-- पनामा नहर के निर्माण में फ्रान्सीसियों की असफलता का कारण मलेरिया का होना था। 

6. जीव विज्ञान और कला का सह-संबंध 

जीव विज्ञान के अध्ययन में चित्र, ग्राफ, चार्ट, प्रतिरूप इत्यादि की आवश्यकता रहती हैं। इनके माध्यम से विभिन्न शिक्षण बिन्दुओं को अच्छी तरह से स्‍पष्‍ट किया जा सकता हैं। जीव विज्ञान में विभिन्न नमूनों के चित्र, स्लाइड के चित्र विषय के स्पष्टीकरण में सहायक होते हैं। इस प्रकार वनस्पति विज्ञान में विभिन्न आकारिकी, कार्यिकी तथा एनाटोमी सिद्धांतों को विभिन्न रेखाचित्रों और चित्रों की सहायता से स्पष्ट किया जा सकता हैं जो कि कला के अभाव में असंभव-सा लगता हैं। 

7. जीव विज्ञान का गणित से सह-संबंध 

गणित का जीव विज्ञान से घनिष्ठ संबंध हैं मापन का क्षेत्र गणित का हैं तथा इसमें ल, चौ, पौधों तथा जन्तुओं की वृद्धि, तापक्रम, रेखाचित्र, दबाव, तनाव आदि को ज्ञात करने के लिए गणित के क्षेत्र से भिन्न-भिन्न प्रकार की इकाइयों का प्रयोग किया जाता हैं। जन्तुओं तथा पौधों में जेनिटिक्स के सारे क्षेत्र का विकास ज्ञात करने में गणित का मुख्य योगदान हैं यदि जीव विज्ञान में पौधे तथा जन्तुओं का पूर्णरूपेण अभाव हो जाये तो गणित का अनुप्रयोग किस वस्तु पर किया जायेगा। जितने भी उपकरण जैसे सूक्ष्यदर्शी यंत्र, लैन्स, रासायनिक घोल तैयार करने का माप भी गणित के ज्ञान पर आधारित होता हैं। 

8. जीव विज्ञान का भाषा से सह-संबंध 

भाषा वह सशक्त माध्यम है जिसके माध्यम से मनुष्य अपने विचारों को अभिव्यक्त कर सकता है। यदि भाषा पर व्यक्तियों का अधिकार नहीं है तो जीव विज्ञान के क्षेत्र में प्राप्त विभिन्न उपलब्धियों को जनसामान्य के लिए उपयोगी नहीं बनाया जा सकता हैं। जीव विज्ञान से प्राप्‍त ज्ञान को हर व्यक्ति के लिए उपयोगी बनाने के लिए सरल, स्पष्ट एवं आकर्षक भाषा में लिखा जाता हैं। दिन-प्रतिदिन छपने वाले विभिन्न लेखों, कहानियों और साहित्य में जीव विज्ञान की शब्दावली का प्रयोग किया जाता हैं। ऐसे स्थलों पर स्पष्टीकरण देते समय जीव विज्ञान का भाषा के साथ सह संबंध कायम किया जाना चाहिए।

कोई टिप्पणी नहीं:
Write comment

आपके के सुझाव, सवाल, और शिकायत पर अमल करने के लिए हम आपके लिए हमेशा तत्पर है। कृपया नीचे comment कर हमें बिना किसी संकोच के अपने विचार बताए हम शीघ्र ही जबाव देंगे।