2/10/2022

सत्ता का अर्थ, परिभाषा, विशेषताएं/तत्व, प्रकार, प्रकृति

By:   Last Updated: in: ,

प्रश्न; सत्ता से आप क्या समझते हैं? सत्ता की प्रकृति का वर्णन कीजिए।

अथवा" सत्ता को परिभाषित कीजिए तथा सत्ता के आधार बताइए। 
अथवा" सत्ता के प्रकारों का वर्णन कीजिए। 
अथवा" सत्ता क्या हैं? सत्ता की विशेषताएं बताइए।
अथवा" सत्ता की अवधारणा स्पष्ट कीजिए।
उत्तर--

सत्ता का अर्थ (satta kya hai)

सत्ता शब्द अंग्रेजी भाषा के शब्द Authority का हिन्दी रूपान्तरण है । अंग्रेजी भाषा के Authority (अथॉरिटी) शब्द की उत्पत्ति लैटिन भाषा के शब्द 'ऑक्टोरिटास' शब्द से मानी जाती है। इस शब्द का अर्थ होता है बढ़ाना अर्थात् सत्ता वह गुण है जो इच्छा, संकल्प अथवा पसन्द को विवेक के साथ जोड़कर उसका विस्तार करती है। सत्ता का प्रयोग रोम में भी किया जाता था। इसका प्रयोग वहाँ सीनेट करती थी। रोम में जब सीनेट सार्वजनिक सभाओं में कानूनो को अपनी स्वीकृति देती थी तो यह माना जाता था कि वहाँ कानूनों को ऑक्टोरिटास प्राप्त हो गया अर्तात् उन्हें सत्ता मिल गयी। अर्थात् इन्हें रोम में परम्पराओं के अनुरूप मान्यता मिल जाती थी। अरस्तू ने सत्ता को रेटॉरिक (Rhetoric) के रूप में प्रयोग किया। उन्होंने तर्कों को सत्ता पर आधारित करने का कार्य किया। रेटॉरिक किसी भी विषय पर अनुनय के साधनों को ढूँढ़ने की भी क्षमता माना जाता है। सामान्यतया सत्ता को शक्ति से सम्बन्धित माना गया है। उसे आदेश देने तथा उसके पालन करवाने के अधिकार का नाम भी दिया गया है। कुछ विचारकों ने इसे संगठन की तरफ से किसी व्यक्ति को कुछ करने के लिये दी गयी आज्ञायें माना है। 

संक्षिप्त में," लोकतंत्रीय समाज में सत्ता शक्ति का एक रूप हैं। जब शक्ति (Power) को वैधता (Legitimacy) मिल जाती हैं तो इसे 'सत्ता' नाम दिया जाता हैं। इसीलिए सत्ता को आदेश देने का अधिकार कहा जाता हैं।

सत्ता की परिभाषा (satta ki paribhasha)

बायर्सटेड के अनुसार, " सत्ता शक्ति के प्रयोग का संस्थागत अधिकार है, वह स्वयं शक्ति नहीं है।" 

बीच के अनुसार, " दूसरों के कार्यों को प्रभावित करने या निर्देशित करने के औचित्यपूर्ण अधिकार को सत्ता कहते हैं।" 

ओसलन के अनुसार, " सत्ता की परिभाषा औचित्यपूर्ण शक्ति के रूप में की जाती है। ऐसी शक्ति का प्रयोग व्यक्ति के मूल्यों के अनुसार और उन अवस्थाओं में किया जाता है जिनको वह ठीक समझता है।" 

राबर्ट ए. डहल के अनुसार, " उचित शक्ति को प्रायः सत्ता का नाम दिया जाता है।"

मैकाइवर के अनुसार, " सत्ता की परिभाषा प्रायः शक्ति के रूप में की जाती है यह दूसरों से आज्ञाएं पालन करवाने की शक्ति है"। 

एनसाइक्लोपीडिया ऑफ सोशल साइंसेज के अनुसार, " सत्ता एक समूह पर प्राप्त अथवा स्वभाविक उच्चता प्रयोग करने की योग्यता है सत्ता शक्ति को प्रकट करती है तथा अपने अधीन व्यक्तियों से आज्ञा पालन करवाती है।" 

अरेन के अनुसार, " सत्ता वह शक्ति है जो स्वीकृति पर आधारित है। इसकी प्रमुख विशेषता उन लोगों की पूर्ण स्वीकृति होती हैं जिन्हें इसका आज्ञापालन करना होता है।" 

जोविनल के अनुसार, " सत्ता से अर्थ अन्य व्यक्तियों की स्वीकृति या इच्छा प्राप्त करना है।" 

अतः सत्ता का राज्य में वही स्थान है जो आत्मा का शरीर में है। 

सत्ता के तत्व एवं विशेषताएं (satta ki visheshta)

सत्ता के तत्व तथा विशेषताएं निम्नलिखित हैं-- 

1. सत्ता सदैव औपचारिक शक्ति नही हैं 

कुछ लोगों का ऐसा मानाना कि सत्ता हमेशा औपचारिक होती हैं, सही नही हैं। क्योंकि सत्ता में औपचारिक शक्ति के गुणों का अभाव भी हो सकता हैं। सत्ता शक्ति उत्पन्न करती है लेकिन यह शक्ति नही हैं।  

सी. जे. फ्रेडरिक का कथन है कि," फ्रेडरिक का कथन है कि," सत्ता शक्ति की किस्म नहीं हैं वरन् एक ऐसा तत्व है जो शक्ति के साथ होता हैं। सत्ता व्यक्तियों एवं वस्तुओं में एक ऐसा गुण होता है जो उनकी शक्ति में वृद्धि करता है। यह एक ऐसा गुण है जो शक्ति उत्पन्न करता है किन्तु यह स्वयं शक्ति नहीं हैं।" 

इसका आशय यह है कि किसी व्यक्ति की सत्ता को बिना शक्ति के स्वीकार किया जा सकता है, जैसे, एक व्यक्ति बहुत लम्बे समय तक एक विषय को पढ़ाकर रिटायर हो जाये तो वह शक्ति रहित होने के बाद भी अपने ज्ञान के क्षेत्र में एक सत्ता होगा। अतः शक्ति बिना सत्ता के भी हो सकती है और सत्ता बिना शक्ति के नही हो सकती। 

2. सत्ता विवेक पर आधारित होती हैं 

सत्ता की एक मुख्य विशेषता यह है कि यह विवेक पर आधारित होती हैं न की शरीरिक बल पर यानि की शरीरिक शक्ति से हीन व्यक्ति के पास भी सत्ता हो सकती हैं। फ्रेडरिक तथा हडल के अनुसार," सत्ता का मूल तत्व विवेक हैं। फ्रेडरिक के शब्दों में," जिस व्यक्ति के पास सत्ता होती हैं, मेरे विचार मे, उसके पास विवेकपूर्ण व्याख्या करने की योग्यता भी होती हैं।" दूसरे शब्दों में कहा जा सकता है कि हम ठोस तर्कों के आधार पर ही किसी को सत्ता मान सकते हैं अन्यथा नहीं। 

3. वैधानिकता सत्ता की क्षमता को निश्चित करती है 

वास्तव में, वैधता किसी भी प्रकार की सत्ता का सारांश हैं। विवेकयुक्त आदेशों को ही वैधता प्राप्त होती हैं। हडल के अनुसार," बी को ए आदेश देता है और बी यह अनुभव करता है कि ए को ऐसा करने का पूर्ण अधिकार है तो बी द्वारा आदेश का पालन करना उसका उत्तरदायित्व हैं। इस प्रकार की शक्ति न्यायोचित है किन्तु जब बी यह अनुभव करता है कि ए को अपने आदेशों का पालन करने के लिए बी को कहने का कोई अधिकार नही है एवं ए के आदेशों का पालन करने हेतु बी का कोई उत्तरदायित्व नही हैं बल्कि बी का उत्तरदायित्व ऐसे आदेशों का विरोध करना है तो ए की ऐसी शक्ति को अवैध या अनुचित शक्ति कहा जाता हैं, वैध शक्ति को ही प्रायः सत्ता का नाम दिया जाता हैं।" 

4. सत्ता शक्ति से भिन्न होती हैं 

सत्ता की एक विशेषता यह है कि सत्ता शक्ति से भिन्न होती हैं। सत्ता शक्ति उत्पन्न तो करती है लेकिन सत्ता शक्ति नही होती। सत्ता में शक्ति के साथ वैधता भी होती हैं। 

5. उत्तरदायित्व 

सत्ता का प्रयोग उत्तरदायित्व के आधार पर किया जाता हैं। प्रजातांत्रिक व्यवस्थाओं में सत्ताधारी दल अपने कार्यों तथा नीतियों के लिए विधानमंडल के प्रति उत्तरदायी होता है तथा विधानमंडल जनता के प्रति उत्तरदायी होता है। सत्ता चाहे किसी भी प्रकार की क्यों न हो, उत्तरदायित्व से सम्बद्ध होती हैं। 

6. प्रभुत्व 

इसका आशय यह है कि सत्ताधारी व्यक्ति व्यवस्था में हो रहे कार्यों, निर्गतों एवं निवेशों तथा संरचनाओं पर प्रभुत्व रखता है। दूसरे शब्दों में," राजनीतिक संस्थाओं, कार्यों तथा संरचनाओं और उनकी क्रियाओं इत्यादि का संचालन तथा नियंत्रण सत्ता द्वारा किया जाता हैं।

7. सत्ता कानूनी होती

सत्ता की एक विशेषता यह भी है कि यह कानूनी होती हैं। 

8. मूल्यात्मकता, औचित्यपूर्णता और स्वीकृत का गुण 

सत्ता में मूल्यात्मकता, औचित्यपूर्णता एवं स्वीकृत के गुण पाये जाते है जो इसके प्रभाव को बढ़ाते हैं। 

9. सत्ता सार्वजनिक जनकल्याण के कार्यों को सम्पन्न करती हैं। 

10. सत्ता आदेश देने एवं पालन करने का प्रतीक हैं।

11. सत्ता मूल्य सापेक्ष मानी जाती हैं।

सत्ता के प्रकार (satta ke prakar)

सत्ता के प्रकार निम्नलिखित हैं--

1. दैवी अधिकारों पर आधारित सत्ता 

दैवी अधिकारों पर आधारित सत्ता का रूप अत्यधिक विचित्र लगता हैं क्योंकि आधुनिक युग लोकतंत्र का युग है जिसमें दैवी अधिकारों के सिद्धांत का कोई महत्व नही रह गया हैं किन्तु मध्यकाल में इस सिद्धान्त का अत्यधिक महत्व था। इंग्लैण्ड में जेम्स प्रथम तथा चार्ल्स प्रथम कहा करते थे कि राज्य सत्ता उनको एक दैवी अधिकार के रूप में प्राप्त हुई है। फ्रांस का लुई चौदहवाँ भी कहता था कि," वह धरती पर ईश्वर का प्रतिनिधि हैं।" किन्तु वर्तमान मे इस प्रकार की दैवी सत्ता का समय अब समाप्त हो चुका है तथा दैवी अधिकारो पर आधारित सत्ता की धारणा का भी अब अंत हो चुका हैं। 

2. बल पर आधारित सत्ता 

राज्य के विकासवादी सिद्धान्त के अन्तर्गत राज्य के उदय में बल को एक महत्वपूर्ण तत्त्व माना गया है। इस सिद्धान्त के अनुसार शक्तिशाली व्यक्ति कमजोरों को अपने अधीन करके शासक बन जाता है किन्तु लोकतंत्र में सत्ता प्राप्त करने का साधन बल न होकर लोगों का समर्थन प्राप्त करना हैं। 'जिसकी लाठी उसकी भैंस' का सिद्धान्त उस समय उचित था जब व्यक्ति असभ्य था किन्तु वर्तमान में बल को सत्ता का आधार नहीं माना जाता। 

3. पैतृक परम्परा पर आधारित सत्ता 

इस प्रकार की सत्ता से आशय उस सत्ता से है जो सत्ता पैतृक परम्परा पर आधारित होती है अर्थात् जो सत्ता विरासत में प्राप्त होती हैं। राजतंत्र में सत्ता का यही रूप होता हैं। यद्यपि इंग्लैण्ड, जापान आदि देशों में आज भी सत्ता का यही रूप विद्यमान हैं परन्तु आधुनिक युग में इसका महत्व बहुत कम हो गया हैं। 

4. विशिष्ट जनों की सत्ता 

इस प्रकार की सत्ता में, सत्ता ऐसे व्यक्तियों के हाथ में होती है जो ज्ञान, धन या शक्ति के कारण समाज के उच्च वर्ग के रूप में प्रभावशाली होते हैं। 

5. संवैधानिक सत्ता 

जब किसी व्यक्ति को संविधान द्वारा सत्ता प्राप्त होती हैं तो उसे 'संवैधानिक सत्ता' कहते है। उदाहरणार्थ, भारत के राष्ट्रपति को भारतीय संविधान द्वारा जो शक्तियाँ सौंपी गयी हैं, उनका आधार संवैधानिक सत्ता ही हैं। 

6. अवैध सत्ता 

जो सत्ता कानून या संविधान के अनुसार न होकर अनुचित साधनों द्वारा प्राप्त होती हैं, उसे 'अवैध सत्ता' कहा जाता हैं। जब कोई अधिकारी या सैनिक अधिकारी बल द्वारा अवैध सत्ता स्थायी नही होती और जनता कभी भी इसके विरूद्ध हो सकती हैं। सन् 1977 में श्रीमति गाँधी द्वारा तानाशाही प्रवृत्तियाँ लागू करने का प्रयत्न किया गया था किन्तु जनता ने चुनाव में इन्दिरा गाँधी को पराजित कर अपना विरोध व्यक्त कर दिया था।

जर्मन विचारक मैक्स वेबर ने अपनी पुस्तक 'जैम जेमवतल व बबपंस दक म्बवदवउपव वतहदप्रजपवद' में आधुनिक राज्य में सत्ता के तीन प्रकारों या रूपों का वर्णन किया है-- 

1. परम्परागत सत्ता  

यह सत्ता किसी व्यक्ति को योग्यता या वैज्ञानिक नियमों के अन्तर्गत पद पर आसीन होने के कारण नहीं बल्कि परम्परा या वंशानुगत द्वारा स्वीकृत पद पर आसीन होने के कारण प्राप्त होती है। परम्परागत सत्ता इस मान्यता पर टिकी हुई है कि प्रचलित मूल्य या मान्यताएं यथोचित होती है। यहां यह माना जाता है कि जो व्यक्ति या वंश प्रचलित परम्परा के अनुसार देश में शासन करता रहा है, उसे ही शासन करने का अधिकार है। जैसे-- जनजातियों में मुखिया की सत्ता, कृषि युग में पंचायतों की सत्ता, ब्रिटेन में राजतंत्र इत्यादि। यहां उल्लेखनीय है कि जिस प्रकार वैधानिक सत्ता कानूनों के अनुसार निश्चित व सीमित होती है उस प्रकार से परम्परोगत सत्ता सीमित व निश्चित नहीं होती क्योंकि इसमें स्पष्ट व निश्चित नियमों का अभाव होता है। 

2. करिश्माई सत्ता

करश्माई सत्ता ऐसे नेतृत्व के रूप में व्यक्त होती है जिसके अनुयायी अपने नेता के गुणों को बढ़ा-चढ़ा कर आंकते है। इसमें सत्ता का स्त्रोत वैयक्तिक गुण व उसकी अपनी विशेषताएं होती है समाज या अधीनस्थ उस व्यक्ति के गुणों के कारण उसमें अलौकिकता का बोध करता है और अपने समस्त अधिकारों को उस व्यक्ति को सौंप देता है। जैसे-- शंकराचार्य, दलाई लामा, पोप, महात्मा गांधी  जूलियस सीजर इत्यादि। 

3. वैधानिक सत्ता 

यह सत्ता समाज में स्वीकृत और प्रचलित वैधानिक कानूनों के साथ जुड़ी हाती है, व्यक्ति विशेष के साथ नहीं। अर्थात जो व्यक्ति जिस पद पर आसीन होता है उसके हाथों में उस पद से सम्बन्धित समस्त सत्ता होती है। व्यवस्था से जुड़े व्यक्ति निर्धारित योग्यताओं के आधार पर चुने जाते है किसी परम्परा या करिश्मा के आधार पर नहीं। अतः इसका क्षेत्र वहीं तक सीमित होता है जहां तक वैधानिक नियम उस पद को विशिष्ट अधिकार प्रदान करते है।

सत्ता की प्रकृति (satta ki prakriti)

सत्ता की प्रकृति के सम्बन्ध में विचार भेद है और इस सम्बन्ध में प्रमुख रूप से दो सिद्धान्तों का प्रतिपादन किया गया है। ये दोनों ही सिद्धान्त प्रो. बीच द्वारा प्रतिपादित किये गये हैं जो निम्न प्रकार हैं-- 

1. औपचारिक सत्ता सिद्धान्त 

इस सिद्धान्त के अनुसार सत्ता को आदेश देने का अधिकार माना जाता है और सत्ता का प्रवाह ऊपर से नीचे की ओर चलता है। यह अधिकार व्यवस्थाओं एवं संगठनों में विशिष्ट एवं वरिष्ठ अधिकारियों को दिया जाता है और इससे आदेश या सत्ता का पदक्रम बन जाता है। 

सत्ता के पीछे व्यवस्था या संगठन की औचित्यपूर्ण शक्ति होती है इस शक्ति के कारण उसे स्वीकार किया जाता है। सत्ता आवश्यक रूप से सत्ताधारी की व्यक्तिगत श्रेष्ठता को नहीं बतलाती सत्ताधारी तो व्यवस्था या संगठन में अन्तर्निहित शक्ति का कार्यशील प्रतीक मात्र है। मैकाइवर ने इसे 'शासन का जादू' कहा है कि एक व्यक्ति जो आदेश देता है, वह भले ही अपने अधीनस्थों से अधिक बुद्धिमान न हो, अधिक योग्य न हो और किसी भी दृष्टि से अपने सामान्य साथियों से श्रेष्ठ न हो, कभी-कभी तो उसका स्तर इन सबसे हीन भी हो सकता है, लेकिन वह सत्ता की स्थिति में होने के कारण आदेश-निर्देश देता है और उसके आदेशों पालन किया जाता है। 

2. स्वीकृति सिद्धान्त  

व्यवहारवादी या मानव सम्बन्धवादी औपचारिक सत्ता सिद्धान्त में विश्वास न रखते हुए 'स्वीकृति सिद्धान्त' का प्रतिपादन करते हैं। इन यथार्थवादी अध्ययनकर्ताओं के अनुसार, सत्ता कानूनी रूप से तो केवल औपचारिक होती है, किन्तु वास्तव में सत्ता या आदेश के अधिकार की सफलता अधीनस्थों की स्वीकृति पर निर्भर करती है जब अधीनस्थ अपनी समझ और योग्यता के दायरे में आदेशों को स्वीकार कर लेते हैं तो यह स्थिति 'सत्ता स्थिति' बन जाती है। 

बनार्ड अपनी रचना The Functions of the Executive में लिखते हैं कि अधीनस्थ आदेशों को स्वीकार करें, इसके लिए चार शर्तें पूरी होनी आवश्यक हैं--

(अ) अधीनस्थ अधिकारी आदेश अथवा सूचना को समझता या समझ सकता हो, 

(ब) अपने निश्चय करने के समय उसका यह विश्वास हो कि आदेश संगठन के उद्देश्यों के साथ असंगत नहीं है, 

(स) निर्णय लेने के समय में वह यह सोचता हो कि एक समग्रता के रूप में सम्बन्धित आदेश उसके व्यक्तिगत हितों के अनुकूल है तथा 

(द) वह मानसिक और शारीरिक दृष्टि से उस आदेश के अनुपालन की क्षमता रखता हो। 

वस्तुतः सत्ता की प्रकृति के सम्बन्ध में प्रतिपादित इन दोनों ही सिद्धान्तों की अपनी दुर्बलताएँ हैं और इन्हें अतिवादी कहा जा सकता है। इन दोनों सिद्धान्तों की सत्यताओं को ग्रहण करते हुए एक सन्तुलित दृष्टिकोण का विकास हुआ है, जिसके अन्तर्गत सत्ता की अवधारणा में संस्थाकृत औचित्यपूर्ण शक्ति और अधीनस्थों की स्वीकृति दोनों को  महत्त्वपूर्ण स्थान प्रदान किया गया है। यही उचित दृष्टिकोण है और राजनीति विज्ञान में सामान्यतया इसी को अपनाया गया है।

संबंधित पोस्ट 

4 टिप्‍पणियां:
Write comment
  1. बेनामी23/11/22, 10:05 am

    सत्ता का क्या निष्कर्ष निकलता है आपको यह भी देना चाहिए था आपसे निवेदन है कि आप इस कार्य को शीघ्र अति शीघ्र पूरा करें धन्येवाद

    जवाब देंहटाएं
  2. बेनामी21/4/23, 11:51 am

    Or ache se smjayiye

    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. बेनामी1/5/23, 3:28 pm

      सत्ता अनेक प्रकार से लोगों के हित में ही काम करती है

      हटाएं

आपके के सुझाव, सवाल, और शिकायत पर अमल करने के लिए हम आपके लिए हमेशा तत्पर है। कृपया नीचे comment कर हमें बिना किसी संकोच के अपने विचार बताए हम शीघ्र ही जबाव देंगे।